झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, दिन में गर्मी तो सुबह-शाम कड़ाके की ठंड…

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, दिन में गर्मी तो सुबह-शाम कड़ाके की ठंड…

रांची(RANCHI): झारखंड में फरवरी के दूसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम ठंडी हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक मौसम की यही स्थिति बनी रह सकती है।

रांची का पारा 10 डिग्री से नीचे, बढ़ी ठिठुरन
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2 फरवरी को रांची का न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद तापमान बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और करीब तीन-चार दिनों तक इसी के आसपास बना रहा।
हालांकि, 7 फरवरी से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई और रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। वहीं अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिन और रात के तापमान में 14 से 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखने को मिल रहा है।

स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक तापमान का उतार-चढ़ाव
मौसम विज्ञान विभाग, रांची के प्रमुख डॉ. बाबूराज पी.पी. के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच इतना बड़ा अंतर स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। दिन में लोग हल्के कपड़ों में बाहर निकल रहे हैं, जबकि सुबह और शाम ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है।
इसका असर सर्दी-खांसी, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर ज्यादा पड़ रहा है। अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ रही है।

जिलों में कैसा रहेगा तापमान
पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, धनबाद, जामताड़ा और पाकुड़ में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गिरिडीह और दुमका में भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा और पलामू में दिन का तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। कुछ इलाकों में रात की ठंड अभी बनी रहेगी।

रामगढ़-रांची में ठंड बरकरार
मध्य झारखंड के बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची में अधिकतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
दक्षिण झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में दिन में गर्मी ज्यादा महसूस होगी। यहां अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री के आसपास रहेगा।

14 फरवरी तक शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 14 फरवरी तक पूरे झारखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले एक-दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दिन और रात के तापमान के अंतर को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *