जामाडोबा में अवैध लोहा कटिंग को लेकर गोलीबारी, युवक गंभीर रूप से घायल…

जामाडोबा में अवैध लोहा कटिंग को लेकर गोलीबारी, युवक गंभीर रूप से घायल…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में शुक्रवार तड़के गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अवैध लोहा कटिंग और वर्चस्व को लेकर हुई इस घटना में दो राउंड फायरिंग हुई, जिसमें रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया। गोली अब भी सीने में फंसी हुई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस अवैध लोहा कटिंग और चोरी के एंगल से मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब चार बजे अचानक गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकले तो रिक्की सिंह को घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घायल रिक्की सिंह की पत्नी चंदा कौर ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनके पति घर से बाहर निकले थे, इसी दौरान वहां कुछ संदिग्ध युवक मौजूद थे। पति ने जब उन्हें देखकर शोर मचाया तो आरोपियों ने गोली चला दी। उन्होंने आरोप लगाया कि हर्ष, गोपु और उनके अन्य साथियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उनका कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी के चलते गोली चलाई गई।

सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि जामाडोबा पेट्रोल पंप के समीप डुमरी दो नंबर गली में सुबह करीब चार बजे गोलीबारी की घटना हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। एसडीपीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला रोपवे का लोहा काटने और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोलीबारी चोरी, लोडिंग विवाद या वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध कारोबार को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *