जमशेदपुर में निवेश ठगी का मामला, बॉलीवुड कलाकारों के नाम इस्तेमाल करने का आरोप…

जमशेदपुर में निवेश ठगी का मामला, बॉलीवुड कलाकारों के नाम इस्तेमाल करने का आरोप…

कोर्ट के आदेश पर साकची थाने में केस दर्ज

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर ठगी के एक मामले में बॉलीवुड के चर्चित कलाकारों के नाम सामने आए हैं। अभिनेता गोविंदा, मनोज तिवारी, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और रजा मुराद सहित अन्य कलाकारों के नाम कथित रूप से कंपनी के प्रचार में इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगा है। कोर्ट के आदेश पर साकची थाना में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ितों ने आठ लाख रुपये की ठगी का लगाया आरोप
बिष्टुपुर ईस्ट प्लांट बस्ती पंजाबी लाइन निवासी जसपाल सिंह और टेल्को कॉलोनी क्रॉस रोड-4 निवासी कुलदीप सिंह ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, मैक्सीजन टच प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी में उनसे कुल आठ लाख रुपये का निवेश कराया गया था। कंपनी ने अधिक मुनाफा देने का लालच देकर यह राशि जमा करवाई थी।

2021–2022 के बीच कराया गया निवेश
पीड़ितों का कहना है कि दिसंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच उन्होंने अलग-अलग किश्तों में कंपनी को यह राशि सौंपी थी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने तय समय पर मूलधन के साथ बेहतर रिटर्न देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस की गई।

प्रचार सामग्री में फिल्मी चेहरों के नाम का उपयोग
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी के प्रचार-प्रसार में बॉलीवुड के प्रसिद्ध कलाकारों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था। प्रचार सामग्री में गोविंदा, चंकी पांडे, मनोज तिवारी, रजा मुराद और शक्ति कपूर जैसे कलाकारों के नाम सामने आने से निवेशकों को कंपनी पर भरोसा हुआ और इसी आधार पर उन्होंने निवेश किया।

कंपनी और डायरेक्टर पर गंभीर आरोप
मामले में मैक्सीजन टच प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी सह-डायरेक्टर प्रियंका सिंह और जमशेदपुर शाखा के प्रतिनिधि सूर्य नारायण पात्रो को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि कंपनी ने योजनाबद्ध तरीके से निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये जुटाए।

पहले भी दर्ज हो चुके हैं ठगी के मामले
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस कंपनी के खिलाफ पहले भी साकची थाना में ठगी के कई मामले दर्ज हो चुके हैं। अन्य निवेशकों ने भी करोड़ों रुपये निवेश कराने और रकम वापस नहीं करने के आरोप लगाए हैं।

डायरेक्टर दंपति गिरफ्तार, जेल में बंद
पुलिस ने इस मामले में पहले ही कार्रवाई करते हुए कंपनी के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को हाल ही में धनबाद में राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और वे फिलहाल जेल में हैं।

पुलिस जांच में जुटी
कोर्ट के आदेश के बाद साकची थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कंपनी से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों और निवेश रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कितने लोगों से कितनी राशि एकत्र की गई और उस धन का उपयोग कहां किया गया।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *