चार साल से पानी की संकट झेल रहा कल्ला प्रभु छठ घाट इलाका, 48 घंटे का अल्टीमेटम – नहीं तो होगा उग्र आंदोलन…

चार साल से पानी की संकट झेल रहा कल्ला प्रभु छठ घाट इलाका, 48 घंटे का अल्टीमेटम – नहीं तो होगा उग्र आंदोलन…

आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 31 अंतर्गत कल्ला प्रभु छठ घाट का आसपास का इलाका पिछले चार वर्षों से भीषण पानी संकट और जर्जर नाली व्यवस्था की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने वार्ड की तृणमूल पार्षद आशा प्रसाद को कई बार समस्या से अवगत कराया। इसके अलावा आसनसोल नगर निगम कार्यालय जाकर मेयर को भी लिखित और मौखिक रूप से शिकायत दी गई। हालांकि आश्वासन तो मिले, लेकिन हालात में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। कई घरों में लगे नल सूखे पड़े हैं और नालियों की स्थिति बेहद खराब है, जिससे गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।

इसी बीच विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के चलते जब विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता जनसंपर्क अभियान के तहत इलाके में पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद को रोककर अपनी समस्या बताई। मौके पर हालात देखकर कृष्णा प्रसाद ने भी आश्चर्य जताया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर यह समस्या है, वहां से उनके घर और कार्यालय की दूरी काफी कम है, बावजूद इसके उन्हें अब तक इसकी जानकारी नहीं थी।
कृष्णा प्रसाद ने इलाके का निरीक्षण किया और कई बंद पड़े नल तथा जाम पड़ी नालियों को देखा। इसके बाद उन्होंने आसनसोल नगर निगम, संबंधित मेयर तथा वार्ड पार्षद को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे स्थानीय निवासियों के साथ सड़क जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पानी और नाली की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
साथ ही, उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अपील की कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन 48 घंटे के भीतर क्या कदम उठाता है या फिर कल्ला प्रभु छठ घाट क्षेत्र में आंदोलन की स्थिति बनती है।

NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *