राँची(RANCHI) : रांची के क्रशर कारोबारी मोहसिन खान की दिन की शुरुआत कुछ अलग ही हुई। जैसे ही उनका फोन बजा, स्क्रीन पर अज्ञात नंबर 7209396436 चमका। दूसरी ओर से आई आवाज ने पूरे दिन का सुकून छीन लिया। सामने वाले ने कहा… “यादव जी बोल रहा हूं, आपको संगठन को सहयोग करना होगा। नहीं तो आपका कारोबार बंद और आपकी जान खतरे में है।” 17 सेकंड की डरावनी बातचीत के बाद कॉल कट गया। कुछ मिनटों बाद 8900209003 नंबर से एक और कॉल आया, जिसे मोहसिन खान ने रिसीव नहीं किया। लेकिन उग्रवादी संगठन ने टेलीग्राम के जरिए धमकी भेजकर साफ कर दिया कि खतरा अभी टला नहीं।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
मोहसिन खान ने बिना देर किए बरियातु थानेदार, सदर डीएसपी और डीजीपी को फोन और मैसेज के जरिए जानकारी दी। उनकी सतर्कता ने स्थिति को नियंत्रण में लाने की दिशा में पहला कदम रखा। इसके बाद उन्होंने बरियातु थाना में लिखित आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि उनका क्रशर प्लांट पिठोरिया और सिकिदरी में है। यह इलाका जंगल और उग्रवादियों के प्रभाव में पड़ता है। मोहसिन खान ने आशंका जताई है कि रंगदारी नहीं देने पर उन्हें या उनके क्रशर में लगे मशीनों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मोहसिन खान की सुरक्षा के लिए उपाय किए जा रहे हैं।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

