कोलकाता(KOLKATA): कोलकाता से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI ने भारतीय सेना के कर्नल हिमांशु बाली को 50 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि कर्नल हिमांशु बाली फोर्ट विलियम स्थित सेना की पूर्वी कमान के आर्मी ऑर्डनेंस कोर में तैनात थे। सीबीआई के मुताबिक, उन्होंने निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के बदले भारी रकम ली। आरोप है कि फर्जी बिल पास कराए गए, घटिया सामान की सप्लाई को मंजूरी दी गई और सेना के टेंडरों में गड़बड़ी की गई।
जांच में कानपुर की एक रक्षा सप्लाई कंपनी के मालिक मयंक अग्रवाल और उनके बेटे अक्षत अग्रवाल का नाम भी सामने आया है। सीबीआई ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
सूत्रों के मुताबिक, कर्नल और कंपनी के प्रतिनिधियों की मुलाकात कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में हुई थी। इसके कुछ दिनों बाद कंपनी को सेना का बड़ा टेंडर मिला। आरोप है कि उसी डील के बदले 50 लाख रुपये की घूस दी गई।
सीबीआई को यह भी जानकारी मिली है कि रिश्वत की रकम हवाला नेटवर्क के जरिए दिल्ली भेजी जा रही थी। अब एजेंसी बैंक खातों, कॉल रिकॉर्ड्स और हवाला कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।
सबसे बड़ी बात ये है कि जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे घोटाले में सेना के कुछ और अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल कर्नल हिमांशु बाली को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाया जा रहा है, जहां उनसे आगे पूछताछ होगी।
इस बड़े खुलासे ने सैन्य और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

