कोयलांचल की राजनीति अब ओटीटी पर! झरिया के पूर्व विधायक स्व. सूर्यदेव बाबू की जिंदगी पर बनेगी मेगा वेब-सीरीज…

कोयलांचल की राजनीति अब ओटीटी पर! झरिया के पूर्व विधायक स्व. सूर्यदेव बाबू की जिंदगी पर बनेगी मेगा वेब-सीरीज…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के कोयलांचल की सत्ता, संघर्ष और दबदबे की कहानी अब दुनिया देखेगी। कोयला मजदूरों के कद्दावर नेता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के जीवन पर आधारित एक भव्य वेब-सीरीज बनने जा रही है, जिसे देश के सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर 200 देशों में रिलीज किया जाएगा।

इस चर्चित वेब-सीरीज में बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी सूर्यदेव सिंह के दमदार किरदार में नजर आएंगे। वहीं अपने शानदार अभिनय के लिए मशहूर नाना पाटेकर भी अहम भूमिका निभाते दिखाई देंगे। सीरीज में 1970 के दशक के धनबाद, कोयला माफिया, मजदूर राजनीति और कोलियरी क्षेत्र की अंदरूनी कहानी को बड़े स्तर पर दिखाया जाएगा।

वेब-सीरीज का निर्माण संजय दत्त की कंपनी कर रही है। बताया जा रहा है कि कहानी के अधिकार सिंह मेंशन परिवार की सहमति के बाद लिए गए हैं। कहानी लेखक मोहित झा ने तैयार की है, जो कई चर्चित फिल्म और टीवी प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं।

धनबाद, झरिया और कतरास में कलाकारों के ऑडिशन शुरू हो चुके हैं। मुंबई से आए कास्टिंग डायरेक्टर तरन बजाज स्थानीय कलाकारों और बच्चों का चयन कर रहे हैं, ताकि वेब-सीरीज में कोयलांचल की असली भाषा, बोली और संस्कृति की झलक दिखाई दे सके।

खास बात यह है कि सिद्धांत चतुर्वेदी और सूर्यदेव सिंह दोनों का संबंध उत्तर प्रदेश के बलिया से रहा है। इसी वजह से निर्माता टीम ने लीड रोल के लिए सिद्धांत को चुना, ताकि किरदार में स्थानीय अंदाज और भाषा की वास्तविकता नजर आ सके।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *