कुख्यात राहुल दुबे का गुर्गा धराया, तुर्की मेड पिस्टल देख चौंकी पुलिस…

कुख्यात राहुल दुबे का गुर्गा धराया, तुर्की मेड पिस्टल देख चौंकी पुलिस…

झारखंड(JHARKHAND): रामगढ़ की पतरातू पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के गुर्गा अनीस अंसारी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 9 एमएम का पिस्टल बरामद किया है। यह पिस्टल तुर्की की जिगना कंपनी का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गैंग के ही किसी अपराधी ने फायरिंग की घटना के बाद हथियार छुपाने के लिए दिया था। मामले की जानकारी पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पतरातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।

एसपी के निर्देश पर बनी टीम, सूचना मिलते ही हुई कार्रवाई
एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले के नए एसपी मुकेश कुमार लुनायत अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र में एक अपराधी हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया और संदिग्ध इलाके में निगरानी बढ़ाई गई।

सोलिया में छापेमारी, मौके से पकड़ा गया अनीस
पुलिस टीम ने पतरातू थाना क्षेत्र के सोलिया इलाके में छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस ने अनीस अंसारी को पकड़ लिया। आरोपी से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हथियार छुपाने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान पर दोबारा छापेमारी की, जहां से 9 एमएम पिस्टल बरामद हुआ।

पूछताछ में बोला- गैंग के अपराधी ने छुपाने को दिया था पिस्टल
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि राहुल दुबे गैंग के एक अपराधी ने फायरिंग की घटना के बाद यह पिस्टल उसे रखने के लिए दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसके जरिए आया, किसने इसे इस्तेमाल किया और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

तुर्की का हथियार मिलने से पुलिस सतर्क, नेटवर्क खंगाल रही टीम
पुलिस के मुताबिक, बरामद पिस्टल तुर्की की जिगना कंपनी का है। विदेशी हथियार मिलने के बाद पुलिस इस मामले को गंभीर मान रही है। अब यह भी जांच की जा रही है कि यह हथियार जिले में कैसे पहुंचा और किन-किन अपराधियों तक इसकी सप्लाई हो रही थी।

आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनीस अंसारी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वह पिछले कुछ समय से किन लोगों के संपर्क में था और कहां-कहां आता-जाता था।

छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में कई थाना और ओपी स्तर के अधिकारी शामिल रहे। छापेमारी दल में पतरातू के सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, पतरातू थानेदार शिवलाल कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली और शाहिद समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

पुलिस का दावा- गैंग पर शिकंजा कसने की तैयारी
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद राहुल दुबे गैंग के नेटवर्क पर कार्रवाई तेज की जाएगी। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल, संपर्क और लोकेशन के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *