काशी में पीएम मोदी का भव्य रोड शो: 14 किमी तक उमड़ा जनसैलाब, बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका माथा…

काशी में पीएम मोदी का भव्य रोड शो: 14 किमी तक उमड़ा जनसैलाब, बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका माथा…

वाराणसी(VARANASI):वाराणसी की सुबह आज भक्ति, उत्साह और जनसमर्थन के रंग में रंगी नजर आई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र में भव्य रोड शो किया। करीब 14 किलोमीटर लंबा यह रोड शो बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से शुरू होकर सीधे काशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुंचा।

पूरा रास्ता लोगों की भारी भीड़ से भरा रहा। जगह-जगह फूलों की बारिश हुई और “हर-हर महादेव” के जयकारों से काशी गूंज उठी। प्रधानमंत्री लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए।
मंदिर पहुंचने पर 108 बटुकों ने शंखनाद कर उनका स्वागत किया। पूरा परिसर मंत्रोच्चार और घंटियों की ध्वनि से गूंज उठा। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जहां पांच पंडितों ने प्रधानमंत्री को पूजा कराई। इस दौरान उन्हें माला पहनाई गई और माथे पर त्रिपुंड लगाया गया। प्रधानमंत्री भगवान शिव के सामने गहरी श्रद्धा के साथ नतमस्तक दिखे।
रोड शो के दौरान शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा। भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर झूमते नजर आए, जबकि सड़कों के किनारे खड़े हजारों लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे और इस खास पल को अपने मोबाइल में कैद करते दिखे।
काशी दौरे के बाद प्रधानमंत्री एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां से वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हरदोई जाएंगे। हरदोई में प्रधानमंत्री 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे, जो मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है।

प्रधानमंत्री का यह दौरा कई मायनों में खास है। अपने 11 साल के कार्यकाल में यह उनका काशी का 54वां दौरा है और साल 2026 का पहला दौरा भी।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *