कल से बदलने वाले हैं कई नियम, असर होगा सीधा जेब पर…

कल से बदलने वाले हैं कई नियम, असर होगा सीधा जेब पर…

सितंबर 2025 का महीना देशवासियों के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आ रहा है, जो न केवल आपकी जेब को प्रभावित करेंगे, बल्कि निवेश और रोजमर्रा की सेवाओं पर भी असर डालेंगे। आयकर रिटर्न (ITR) फाइलिंग से लेकर आधार कार्ड अपडेट, डाक सेवाओं, बैंक एफडी स्कीम्स, क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड्स और गैस सिलेंडर की कीमतों तक, कई नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में विस्तार से :

ITR फाइलिंग की अंतिम तिथि 15 सितंबर : आयकर विभाग ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए ITR फाइल करने की अंतिम तारीख को 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 कर दिया था। यह समयसीमा अब नजदीक आ रही है। टैक्सपेयर्स को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते रिटर्न फाइल कर लें, अन्यथा जुर्माना और नोटिस का सामना करना पड़ सकता है।

UPS में शामिल होने की समयसीमा बढ़ी : केंद्र सरकार ने नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत यूनिफाइड पेंशन योजना (UPS) में शामिल होने की अंतिम तारीख को 30 जून से बढ़ाकर 30 सितंबर 2025 कर दिया है। यह सुविधा केवल उन कर्मचारियों के लिए है, जो पहले से NPS से जुड़े हैं और UPS को अपनाना चाहते हैं।

डाक सेवाओं में बड़ा बदलाव : 1 सितंबर 2025 से डाक विभाग स्पीड पोस्ट और साधारण पंजीकृत डाक को एकीकृत कर रहा है। अब देश के भीतर केवल स्पीड पोस्ट के जरिए ही पंजीकृत डाक भेजी जा सकेगी। इस कदम का उद्देश्य ग्राहकों को तेज और ट्रैकिंग सुविधा वाली सेवा प्रदान करना है।

SBI क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड प्वॉइंट्स नियमों में बदलाव : SBI कार्ड ने अपने चुनिंदा क्रेडिट कार्ड्स के लिए रिवॉर्ड प्वॉइंट्स नियमों में संशोधन की घोषणा की है, जो 1 सितंबर से लागू होंगे। नए नियमों के तहत डिजिटल गेमिंग और सरकारी वेबसाइटों पर किए गए लेनदेन पर रिवॉर्ड प्वॉइंट्स नहीं मिलेंगे। यह बदलाव ग्राहकों के खर्च पैटर्न को ध्यान में रखकर किया गया है।

इंडियन बैंक और IDBI बैंक की विशेष एफडी स्कीम्स समाप्त : इंडियन बैंक की 444 और 555 दिनों की विशेष फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) स्कीम में निवेश की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2025 है। इसी तरह, IDBI बैंक की 444, 555 और 700 दिनों की एफडी स्कीम्स भी इस तारीख को समाप्त हो जाएंगी। इन स्कीम्स पर सामान्य एफडी से अधिक ब्याज दरें मिल रही हैं, इसलिए निवेशकों को जल्द निर्णय लेना होगा।

CNG, PNG और जेट फ्यूल की कीमतों में संभावित बदलाव : हर महीने की तरह, 1 सितंबर 2025 से CNG, PNG और एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बदलाव की संभावना है। तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों और डॉलर के मूल्य के आधार पर इनकी कीमतें संशोधित करती हैं, जिसका असर आम जनता की जेब पर पड़ सकता है।

LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा : हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा होती है। अगस्त 2025 में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 33.50 रुपये की कटौती की गई थी। 1 सितंबर को नई कीमतें तय की जाएंगी। हालांकि, घरेलू रसोई गैस की कीमतें अप्रैल 2025 से स्थिर हैं, लेकिन इस बार बदलाव की संभावना है।

आधार कार्ड अपडेट की मुफ्त सुविधा : UIDAI ने आधार दस्तावेजों में मुफ्त अपडेट की सुविधा को 14 सितंबर 2025 तक बढ़ा दिया है। नागरिक आधार पोर्टल पर जाकर अपनी पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज मुफ्त में अपडेट कर सकते हैं। यह सुविधा केवल ऑनलाइन उपलब्ध है, ऑफलाइन अपडेट के लिए शुल्क देना होगा। UIDAI ने सलाह दी है कि समय-समय पर जानकारी अपडेट करना जरूरी है ताकि पहचान प्रमाण में कोई त्रुटि न रहे।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *