
झरिया(DHANBAD): करम पूजा के पावन अवसर पर जहां पूरे इलाके में पर्व की खुशियाँ मनाई जा रही थीं, वहीं झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र के बाय क्वार्टर छठ घाट पर एक हृदयविदारक घटना ने सबको झकझोर दिया। करम जवा उठाने के लिए गईं पांच मासूम बच्चियाँ नदी में स्नान के दौरान तेज़ बहाव की चपेट में आ गईं। हादसे में एक बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि संध्या कुमारी नामक एक बच्ची अब तक लापता है।
घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। परिवारवालों की आंखें अब भी घाट के किनारे टिकी हैं – हर लहर के साथ उम्मीद और डर का संगम। घटना को 40 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं, लेकिन संध्या का कुछ पता नहीं चल पाया है।
गंभीर स्थिति को देखते हुए झरिया विधायक रागिनी सिंह की पहल पर NDRF की टीम को धनबाद बुलाया गया, जो अब रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। रेस्क्यू कार्य में हो रही देरी को देखते हुए लोगों में रोष था, विधायक की त्वरित पहल ने राहत पहुंचाई है।
स्थानीय प्रशासन की लाचारी और देरी को देखते हुए, अब जमशेदपुर से आई NDRF टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
सवालों के घेरे में प्रशासन
धनबाद जैसे खतरनाक भौगोलिक संरचना वाले क्षेत्र में आज तक स्थायी NDRF टीम नहीं है – यह सवाल हर दुर्घटना के बाद उठता है, लेकिन जवाब देने वाला कोई नहीं होता। क्या हर बार किसी मासूम की बलि चढ़ने के बाद ही कार्रवाई होगी?
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

