ऑनलाइन सट्टा बना मौत का खेल — 15 वर्षीय अभिषेक की लाश कुएं में मिली, इलाके में मचा कोहराम…

ऑनलाइन सट्टा बना मौत का खेल — 15 वर्षीय अभिषेक की लाश कुएं में मिली, इलाके में मचा कोहराम…

धनबाद(DHANBAD):धनसार थाना क्षेत्र के बेरा कोलियारी में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।
बीसीसीएल कर्मी देवेंद्र राय के 15 वर्षीय बेटे अभिषेक कुमार उर्फ लाला का शव ग्वाला पट्टी स्थित कुएं में तैरता हुआ पाया गया।

अहले सुबह स्थानीय दुकानदार दिलीप महतो की नजर जब कुएं पर पड़ी तो उन्होंने किसी शव जैसी चीज़ तैरते देखी।
पास जाकर देखने पर पता चला कि वह अभिषेक का शव है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और शनिवार से ही घर से लापता था।

मृतक के बड़े भाई रौशन कुमार ने बताया कि अभिषेक बीते कुछ समय से ऑनलाइन गेमिंग ऐप और सट्टेबाजी में लिप्त था।
कई बार वह पैसे हारने के बाद घर छोड़कर भागने की कोशिश कर चुका था,
लेकिन हर बार परिजनों की तत्परता से उसे वापस लाया गया।
इस बार वह घर से निकला तो दोबारा लौटकर नहीं आया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरा मामला ऑनलाइन सट्टे के जाल में फंसे एक और युवा की जिंदगी के खत्म होने की कहानी है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

लोगों का कहना है कि प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद
ऑनलाइन गेमिंग ऐप, सट्टा और लॉटरी जैसे अवैध कारोबार पर रोक नहीं लग पाई है।
इन खेलों में पैसे के लालच में युवा न सिर्फ कर्ज में डूब रहे हैं,
बल्कि अपनी जीवन लीला भी समाप्त कर रहे हैं।

NEWSANP के लिए अरविन्द सिंह बुंदेला की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *