धनबाद(DHANBAD): नगर निकाय निर्वाचन 2026 के बाद मतगणना हेतु उम्मीदवार या उनके प्रतिनिधियों को आज मतगणना का प्रशिक्षण न्यू टाउन हॉल में दिया गया।
प्रशिक्षण देते हुए मुख्य प्रशिक्षक दिलीप कुमार कर्ण ने कहा कि राजकीय पॉलिटेक्निक में 27 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। पहले वार्ड 1, 6, 11, 16, 21, 26, 31, 36, 41, 46 और वार्ड 51 के मतों की गिनती प्रारंभ होगी। तत्पश्चात क्रमवार वार्ड की गणना की जाएगी।
वहीं मतगणना की प्रक्रिया बताते हुए उन्हें मतपेटिका के सील की स्थिति, पेपर सील की जानकारी, वैध और अवैध मतों की स्थिति के बारे में बताया गया। पहले वार्ड पार्षद/सदस्य के मतों की गिनती होगी और फिर महापौर/अध्यक्ष के मतों की गिनती की जाएगी।
उन्हें बताया गया कि मतगणना हॉल में मोबाइल ले जाना, धूम्रपान या तंबाकू का सेवन वर्जित रहेगा, सभी को शांति बनाए रखनी है तथा निर्वाची पदाधिकारी के आदेशों का मतगणना हॉल में अनुपालन करना है।
अन्य मास्टर ट्रेनर राज कुमार वर्मा एवं कुमार वंदन ने भी प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में विभिन्न वार्डों के कुल 97 उम्मीदवार या उसके प्रतिनिधि उपस्थित थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

