भाजपा विधायक कृषनेन्दु मुखर्जी का वीडियो संदेश — “भगवा धारी बनकर माहौल बिगाड़ रहे तृणमूल के लोग, हिंसा किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं”
आसनसोल(WEST BENGAL): पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद विभिन्न इलाकों में पोस्ट पोल हिंसा की घटनाओं को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। इसी बीच आसनसोल उत्तर से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक एवं भाजपा नेता कृषनेन्दु मुखर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से शांति और अमन बनाए रखने की अपील की है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व भगवा अबीर-गुलाल लगाकर और हाथों में भाजपा का झंडा लेकर हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, ताकि भाजपा को बदनाम किया जा सके।
कृषनेन्दु मुखर्जी ने कहा कि भाजपा लगातार पुलिस और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र में शांति बनाए रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हर गतिविधि पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है ताकि चुनाव के बाद किसी भी प्रकार की हिंसा ना हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग चुनाव से पहले या चुनाव के दौरान भाजपा कार्यालयों के आसपास भी दिखाई नहीं देते थे, वही अब भगवा धारण कर भाजपा का झंडा लेकर माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। मुखर्जी ने दावा किया कि यह सब तृणमूल कांग्रेस के लोगों की साजिश है।
तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक मलय घटक, हरेराम सिंह, नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती और बिधान उपाध्याय द्वारा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर को पोस्ट पोल हिंसा को लेकर दिए गए ज्ञापन पर प्रतिक्रिया देते हुए कृषनेन्दु मुखर्जी ने कहा कि तृणमूल नेता भाजपा पर हिंसा का आरोप लगा रहे हैं, जबकि वे शायद 2021 विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा को भूल गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का हर नेता और कार्यकर्ता पूरी तरह सतर्क है और यह सुनिश्चित करने में लगा है कि कोई भी व्यक्ति भाजपा का झंडा लेकर हिंसा की घटनाओं को अंजाम न दे सके। उन्होंने बताया कि वे खुद पूरी रात कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं।
मुखर्जी ने कहा कि कुल्टी के भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार भी अपने विधानसभा क्षेत्र में घटनास्थलों का दौरा कर रहे हैं और पुलिस तथा केंद्रीय बलों की मदद से पोस्ट पोल हिंसा से प्रभावित भाजपा कार्यालयों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कब्जा किए गए पार्टी कार्यालयों को मुक्त करवाकर दोबारा पार्टी कार्यकर्ताओं को सौंपा जा रहा है।
भाजपा विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी हिंसा की नहीं बल्कि शांति और अमन की राजनीति करती है। उन्होंने यह भी कहा कि बीते चुनावों में भाजपा के कई कार्यकर्ता पोस्ट पोल हिंसा के शिकार हुए और कुछ ने अपनी जान तक गंवाई। वहीं कई कार्यकर्ता अब भी भय के कारण अपने घर नहीं लौट पाए हैं, जिन्हें सम्मानपूर्वक वापस घर लाने का काम भाजपा करेगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

