भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के रीपो रेट को 5.5 प्रतिशत पर बरकरार रखने के बीच भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार (1 अक्टूबर) को बढ़त देखने को मिली। रेट सेंसटिव बैंक स्टॉक्स आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, कोटक बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में तेजी से बाजार को सपोर्ट मिला। इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा मोटर्स में खरीदारी से भी बाजार को पुश मिला।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 80,173 अंक पर खुला। आरबीआई के फैसले से पहले इंडेक्स में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। लेकिन बाद में बढ़त दर्ज की गई। दोपहर 12 बजे के करीब यह 585.25 अंक या 0.73 फीसदी की बढ़त लेकर 80,852.87 पर कारोबार कर रहा था।
नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) लगभग सपाट रहते हुए 24,620.55 अंक पर खुला। आरबीआई के फैसले के बाद दोपहर 12 बजे यह 169.60 अंक या 0.69 फीसदी बढ़कर 24,780.70 पर ट्रेड कर रहा था।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

