धनबाद(DHANBAD): चंद्रयान‑3 की ऐतिहासिक सफलता की याद में बुधवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी‑आईएसएम) धनबाद में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इसरो के रीजनल रिमोट सेंसिंग सेंटर ईस्ट (RRSC-East), कोलकाता और आईआईटी धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में धनबाद के 8 स्कूलों से कक्षा 9वीं से ऊपर के करीब 350 छात्र शामिल हुए। छात्रों के साथ इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने बातचीत की और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, चंद्रयान‑3 मिशन और भविष्य की अंतरिक्ष योजनाओं से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया।
समारोह में अंतरिक्ष प्रदर्शनी, क्विज प्रतियोगिता और तकनीकी व्याख्यान का आयोजन हुआ। छात्रों को चंद्रयान‑3 के लैंडिंग सिस्टम, नेविगेशन तकनीक और भारत की भविष्य की अंतरिक्ष योजनाओं की जानकारी दी गई।
आईआईटी‑आईएसएम के प्रोफेसर संजीत कुमार पाल ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है और उन्हें करियर की दिशा में नई प्रेरणा मिलती है।
फिजिक्स टीचर सुभाश्री बनर्जी ने कहा, बच्चों को आज न केवल अंतरिक्ष की दुनिया से जुड़ने का मौका मिला, बल्कि उन्हें वैज्ञानिकों से प्रेरणा भी मिली, जिससे वे भविष्य में इसरो जैसे संस्थानों में काम करने का सपना देख सकते हैं।
कक्षा 10वीं की छात्रा आद्रीथा पाल ने बताया, यह मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव था। मैं अपने स्कूल को यहां प्रतिनिधित्व कर रही थी और चंद्रयान‑3 के बारे में सीधे वैज्ञानिकों से जानकर बहुत अच्छा लगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

