झारखंड(JHARKHAND):झारखंड विधानसभा में हाल ही में पारित राज्य विश्वविद्यालय विधेयक-2025 को लेकर धनबाद कोयलांचल में रणधीर वर्मा चौक पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्रों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि इस विधेयक के तहत विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रति कुलपति, वित्तीय सलाहकार और परीक्षा नियंत्रक जैसे अहम पदों पर नियुक्ति का अधिकार महामहिम राज्यपाल से छीनकर राज्य सरकार को दे दिया गया है, जो न केवल असंवैधानिक है बल्कि विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर बड़ा प्रहार है।
ABVP jharkhand के प्रदेश सह मंत्री अंशु तिवारी ने कहा, “यह विधेयक संविधान की संघीय संरचना का उल्लंघन करता है और उच्च शिक्षा संस्थानों की स्वतंत्रता को प्रभावित करता है। हम इस कड़े कदम का पुरजोर विरोध करते हैं।”
अंशु तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस विधेयक को तत्काल वापस नहीं लेती तो छात्र-युवा सड़क से सदन तक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
विरोध प्रदर्शन में शामिल में धनबाद विभाग संयोजक सुधांशु गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार का यह कदम शिक्षा के लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की दिशा में एक गंभीर खतरा है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि वे इस विधेयक पर पुनः विचार करें और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता बनाए रखें।
वहीं नेतृत्व कर रहे ABVP प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आकाश कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड विधानसभा में पारित राज्य विश्वविद्यालय विधेयक-2025 पूरी तरह असंवैधानिक है। इस विधेयक में छात्र संघ चुनाव की जगह चयन (नियुक्ति) की व्यवस्था लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि छात्र संघ विश्वविद्यालयों की आत्मा होते हैं, जो स्वाभाविक नेतृत्व और सामाजिक-राजनीतिक विमर्श को जन्म देते हैं। सरकार इस फैसले से शैक्षणिक स्वतंत्रता और लोकतंत्र दोनों को कुचलना चाह रही है।
इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिन्होंने नारे लगाकर और पुतला जलाकर अपनी आवाज बुलंद की। शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के हस्तक्षेप को लेकर आने वाले दिनों में और भी विरोध प्रदर्शन होने की संभावना जताई जा रही है। मौके पर उपस्थित अभाविप झारखंड प्रदेश सह मंत्री अंशु तिवारी, धनबाद विभाग संयोजक सुधांशु गुप्ता, ग्रामीण जिला संयोजक अनुभव कुमार, महानगर मंत्री अभय जसवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आकाश कुमार सिंह, योगेंद्र त्रिवेदी, विशाल ब्राह्मण, विक्की ठाकुर,नमन, ऋषि, प्रियांशु, हर्ष बनवाल , मुरारी यादव, सुनील कुमार आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

