(DHANBAD) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए मारवाड़ी युवा मंच गोविंदपुर और सरायढेला रोटरी क्लब ने संयुक्त रूप से बड़ी पहल शुरू की है। सोमवार को अबकी बार कैंसर पर वार अभियान के तहत बालाजी मेडिकल सेंटर के सहयोग से सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु नि:शुल्क वैक्सीनेशन कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में दर्जनों महिलाओं और युवतियों को एचपीवी वैक्सीन दी गई, जिससे सर्वाइकल कैंसर से बचाव संभव है। आयोजकों ने बताया कि धनबाद जिला ही नहीं, पूरे झारखंड में इस बीमारी को लेकर जागरूकता की काफी कमी है। इसी को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है।
मारवाड़ी युवा मंच गोविंदपुर इकाई के अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की अनदेखी समाज में एक बड़ी समस्या है। सर्वाइकल कैंसर समय पर पहचान और वैक्सीनेशन के जरिए रोका जा सकता है, लेकिन जानकारी के अभाव में कई महिलाएं इसकी चपेट में आ जाती हैं। हमारी कोशिश है कि हर घर तक सही जानकारी और इलाज पहुंचे।
रोटरी क्लब सरायढेला के पदाधिकारियों ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं है, लगातार जागरूकता अभियान और वैक्सीनेशन कैंप अलग-अलग क्षेत्रों में लगाए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं लाभान्वित हो सकें।
कैंप में आईं महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम गांव-शहर हर जगह होने चाहिए। खासतौर पर गरीब और पिछड़े इलाकों में, जहां महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी तक नहीं मिल पाती।
NEWS ANP के लिए धनबाद से अनिल मुंडा की रिपोर्ट

