रांची(RANCHI) झारखंड के जेलों में संविदा के आधार पर कक्षपालों की नियुक्ति की जायेगी। इस संबंध में जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार 150 भूतपूर्व सैनिकों को एक साल के कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त किया जायेगा। जरूरत के अनुसार इस कॉन्ट्रैक्ट को बढ़ाया भी जा सकता है।
कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त किये गये भूतपूर्व सैनिकों को हर महीने 20 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। हर साल सेवा अवधि के विस्तार होने पर मानदेय में आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी की जायेगी। इन कर्मियों को एक साल में सिर्फ 20 दिन का ही क्षतिपूर्ति अवकाश मिलेगा। ड्यूटी के दौरान जान गंवाने पर राज्य के पुलिस कर्मियों को जो राशि मिलती है, वही राशि इन कर्मियों के परिजनों को दी जाएगी।
जारी आदेश के अनुसार 11 जिले में कक्षपालों की नियुक्ति होगी। इनमें हजारीबाग सेंट्रल जेल में 52, जमशेदपुर सेंद्रल जेल में 40, चतरा जेल में एक, लातेहार जेल में दो, बरही जेल में नौ, रामगढ़ में एक, धनबाद में 21, बोकारो में पांच, जामताड़ा में 12, तेनुघाट में चार और सिमडेगा जेल में तीन कक्षपाल नियुक्त किये जाएंगे।
NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट..
