कृषि बाजार में अनाधिकृत लोगों की एंट्री पर रहेगी पाबंदी,कलेक्ट्रेट से कृषि बाजार पहुंचने के लिए रिंग कार व रिंग बस सेवा रहेगी उपलब्ध…

धनबाद(DHANBAD)मंगलवार, 4 जून 2024, को कृषि बाजार समिति में मतगणना की जाएगी। इस दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए कृषि बाजार प्रांगण में मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी तथा यातायात व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को आज न्यू टाउन हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन ने संयुक्त रूप से बैठक कर उन्हें ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर वरीय पदाधिकारियों ने कहा कि सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी धैर्य और शांति रखकर अपनी ड्यूटी करेंगे। कृषि बाजार में प्रवेश के लिए जिला प्रशासन ने फोटो युक्त पहचान पत्र जारी किए है। इसलिए अनाधिकृत लोगों का कृषि बाजार प्रांगण में प्रवेश न होने पाए, यह मेजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे।

लोकसभा चुनाव के दौरान जिस तरह सभी ने जिम्मेदारी पूर्वक अपने कर्तव्य का पालन किया, उसी तरह चुनाव के आखिरी चरण में भी जिम्मेदारी पूर्वक अपने कर्तव्य का पालन करेंगे।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी करेंगे और सुबह 4:00 बजे प्रतिनियुक्त स्थल पर योगदान देना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी को सतर्क रहकर अपने कर्तव्य का पालन करने व लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करने का अनुरोध किया।

मतगणना कर्मियों व मतगणना एजेंट को पहचान पत्र देखकर सही रास्ते से हॉल में प्रवेश कराएंगे। प्रवेश करने से पूर्व मोबाइल फोन, खाद्य सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तु किसी के पास नहीं है, इसकी बारीकी से जांच करेंगे।

NEWS ANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट…

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *