धनबाद(DHANBAD): धनबाद रोड स्थित इंफिनिटी डिजिटल जोन में एसएससी सीजीएल परीक्षा के दौरान कदाचार मामले की जांच जारी है. अब तक की जांच में यह बात सामने आ रही है कि परीक्षा में शामिल कई छात्र गिरोह के संपर्क में थे. एक बड़ा गिरोह इसके पीछे है. पुलिस एक्सपर्ट टीम से जांच कराकर मामले की तह तक पहुंचना चाहती है. मामले में परीक्षार्थी आइके गुजराल, कंपनी के सर्वर कर्मी व अभ्यर्थी के अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
हिरासत में लिये गये सभी आरोपियों से पुलिस ने की पूछताछ
पूछताछ में आरोपी छात्र आइके गुजराल ने अपनी संलिप्तता स्वीकार भी कर ली है. इधर, इस मामले में हिरासत में लिये गये रोशन, सचिन व विकास यादव (सभी पटना), परीक्षा केंद्र के वेन्यू मैनेजर विकास दूबे और नीमतल्ला और कोलकाता निवासी रॉबसन रहमान से पूछताछ की गयी. इनसे सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने सोमवार को खुद पूछताछ की. इसके बाद रॉबसन रहमान को जेल भेज दिया गया. पुलिस बाकी आरोपियों के लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की जांच कर रही है.
रॉबसन रहमान ने आइके गुजराल को सेंटर बदलने को कहा
पुलिस ने सेंटर से परीक्षार्थी आइके गुजराल के सिस्टम को जब्त कर लिया है. रॉबसन रहमान परीक्षा का आयोजन करनेवाली कंपनी एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड का कर्मी है. उसने परीक्षार्थी आइके गुजराल को मैसेज कर परीक्षा सेंटर बदलने के लिए कहा था. उसने बताया था कि इन सेंटरों में ही मदद मिल सकती है. इसके बाद आइके गुजराल ने सेटिंग कर अपना सेंटर कौआबांध, गोविंदपुर से बदलकर इंफिनिटी डिजिटल जोन कुर्मीडीह, बरवाअड्डा करा लिया था. रॉबसन रहमान को गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जाता है. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

