आचार संहिता हटते ही रुकी स्वास्थ्य योजनाओं को मिलेगी रफ्तार, होली के बाद टेंडर जारी होने की संभावना
धनबाद(DHANBAD): नगर निगम चुनाव के दौरान लागू आदर्श आचार संहिता के कारण शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) और जिला स्वास्थ्य विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाएं ठप पड़ गई थीं। अब चुनाव संपन्न होने के बाद एसएनएमएमसीएच प्रबंधन ने लंबित कार्यों को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार होली के बाद मैनपावर बहाली, सफाई एजेंसी चयन और चिकित्सा उपकरणों की खरीद को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
आचार संहिता के दौरान मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पतालों में आवश्यक सेवाओं से जुड़ी कई प्रक्रियाएं रोक दी गई थीं। अब इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
बताया गया है कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में कार्यरत पुरानी आउटसोर्स एजेंसियों के टेंडर रद्द कर दिए थे। इसके बाद से एसएनएमएमसीएच और सदर अस्पताल में सेवाएं अस्थायी एक्सटेंशन पर चल रही हैं। मेडिकल कॉलेज में सफाई और मैनपावर की जिम्मेदारी आउटसोर्स एजेंसी के पास है, जबकि सदर अस्पताल में मरीजों के भोजन की व्यवस्था भी इसी माध्यम से की जा रही है।
अब प्रबंधन का लक्ष्य है कि नई टेंडर प्रक्रिया पूरी कर स्वास्थ्य सेवाओं को स्थायी और बेहतर व्यवस्था प्रदान की जाए, ताकि जिले की स्वास्थ्य योजनाओं को नई गति मिल सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

