राजस्थान(RAJASTHAN):राजस्थान के अजमेर में मशहूर आनासागर वेटलैंड इलाके में बने ‘सेवन वंडर्स’ पार्क को तोड़ा जा रहा है। अजमेर विकास प्राधिकरण (ADA) ने शुक्रवार से सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई शुरू कर दी। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बने इस पार्क में ताजमहल, एफिल टॉवर, पिरामिड, पीसा की मीनार, रोमन कोलोसियम, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी और क्राइस्ट द रिडीमर की प्रतिकृतियां खड़ी की गई थीं। इसका उद्घाटन 2022 में तत्कालीन CM अशोक गहलोत ने किया था। मामला तब उठा जब पूर्व भाजपा पार्षद अशोक मलिक ने NGT में याचिका डालकर आरोप लगाया कि आनासागर झील की पारिस्थितिकी से खिलवाड़ कर मास्टर प्लान का उल्लंघन किया गया है। एनजीटी ने अगस्त 2023 में ही ढांचे हटाने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी फरवरी 2025 में सख्ती दिखाई और मुख्य सचिव को तलब किया। कोर्ट ने कहा था—“जब जलस्रोत और वेटलैंड सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर को स्मार्ट कैसे कहा जाएगा।” अब जब बुलडोज़र चला है, तो इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और मीडिया की एंट्री रोक दी गई है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

