धनबाद(DHANBAD) : धनबाद समेत झारखंड के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। आमलोगों के साथ साथ व्यवसायी और नौकरी करने वाले लोग इस प्रचंड गर्मी में पस्त हो गए है। दिन के 11 बजे से शाम 5 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। भीषण गर्मी में कारोबार भी प्रभावित हुआ है।
बिजली कटौती से भी लोग त्राहिमाम कर रहे हैं। रोजाना जलमीनारों से जलापूर्ति भी नहीं हो रही है। मौसम विभाग ने एक बार फिर से धनबाद समेत कई जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। धनबाद के एसएनएमएमसीएच समेत झारखंड के दर्जनों अस्पतालों में हीट वेव और डिहाइड्रेशन के शिकार बच्चे, युवक, युवती, पुरुष, महिला और बुजुर्ग रोजाना काफी संख्या में पहुंच रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में अभी भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। शहर और गांव आग की भट्टी की तरह तप रहे हैं। मौसम विभाग लोगों से सावधान रहने के लिए कहा गया है। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह समेत जमशेदपुर, रांची, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला, खरसावां, पलामू ,चतरा और लोहरदगा में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी शहरों में पारा 40 के पार पहुंचने की संभावना है। लोगों को सुबह 11 से लेकर दोपहर के 3 बजे तक घर से निकलने से परहेज करने के लिए कहा गया है।
13 और 14 को एक-दो जिले में बारिश की संभावना
हालांकि, 13 व 14 जून को शाम के वक्त हल्की वर्षा भी होने की संभावना बनी हुई है। 15 जून को भी लू चलने का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभवत: 16 जून से मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिल सकता है।
NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट..
