Ranchi News : प्रश्नपत्र लीक मामले में मधुपुर से पकड़ाया पॉल्ट्री फार्म संचालक प्रिंस, हो रही पूछताछ…

Ranchi News : प्रश्नपत्र लीक मामले में मधुपुर से पकड़ाया पॉल्ट्री फार्म संचालक प्रिंस, हो रही पूछताछ…

रांची(RANCHI): मैट्रिक परीक्षा के हिंदी व विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला जल्द सुलझता नहीं दिख रहा है. प्रश्नपत्र लीक होने के मामले का खुलासा प्रभात खबर द्वारा किये जाने के बाद पुलिस प्रशासन की टीम रेस तो हुई है, पर प्रश्नपत्र कहां से और कैसे लीक हुआ, इसका पता नहीं चल पा रहा है. पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर रही है. इस बीच पुलिस ने देवघर के मधुपुर से कथित प्रिंस कुमार नामक युवक को हिरासत में लिया है. वह मूल रूप से चतरा का रहनेवाला है और देवघर में अपने मामा के यहां रह कर पॉल्ट्री फार्म चलाता है.

आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि, उसके पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. प्रिंस से पूछताछ की जा रही है. प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में अब तक तीन कथित प्रिंस की भूमिका सामने आने से मामला और उलझ गया है. पुलिस कथित प्रिंस सर कौन है, इसका पता लगाने का भी प्रयास कर रही है. बता दें कि कोडरमा पुलिस ने अब तक इस मामले में ऑन रिकार्ड दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसमें मरकच्चो के जामू निवासी प्रशांत कुमार शाह उर्फ प्रिंस व हरलाडीह निवासी आशीष साव शामिल हैं. पुलिस इस मामले में मरकच्चो निवासी मूक बधिर युवक जो फिलहाल कर्नाटक में है, उसकी भी भूमिका संदिग्ध मानकर चल रही है. इस युवक का नाम भी प्रिंस है. ऐसे में इस मामले में तीन प्रिंस की भूमिका आने से मामला उलझ गया है. देवघर से पकड़ाया कथित प्रिंस पहले से गिरफ्तार प्रशांत का मौसेरा भाई है.

आरोपियों से हो रही पूछताछ
इधर, पुलिस पहले से गिरफ्तार प्रशांत शाह व आशीष साव को पांच दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. हालांकि, इस पूछताछ में कोई विशेष जानकारी सामने नहीं आ सकी है. आरोपी पूर्व में दिये गये बयान को ही सामने रख रहे हैं. वहीं, सूत्रों की मानें तो मधुपुर से पकड़ाया कथित प्रिंस ने प्रश्नपत्र प्रशांत द्वारा उपलब्ध कराये जाने की जानकारी दी है, पर पुलिस इस जवाब से संतुष्ट नहीं है. उसके मोबाइल डाटा को खंगाला जा रहा है. बताया जाता है कि मधुपुर से पकड़ा गया कथित प्रिंस का भाई भी कोचिंग चलाता है.

NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *