धनबाद(DHANBAD):झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) राज्य में विधानसभा की 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। हमारे पास 69 आवेदन आ चुके हैं। संसदीय बोर्ड की सात सदस्यीय टीम ने पहली सूची तय कर ली है, छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों के नाम पर सहमति दे दी है। डुमरी से जयराम महतो, जमुआ से रोहित कुमार दास, राजमहल से मोतीलाल सरकार, तमाड़ से दमयंती मुंडा, सरायकेला से प्रेम मार्डी और छतरपुर से प्रीति राज मैदान में उतरेंगे। यह जानकारी गुरुवार को मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने धनबाद में पत्रकारों को दी..
जयराम ने कहा- वह स्वयं दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे। बाघमारा में जनता का खूब समर्थन मिल रहा है। टुंडी में हमारा घर ही है। बेरमो व मांडू से भी तैयारी की है। हालांकि दूसरी सीट कौन सी होगी, यह संगठन तय करेगा। यह भी बताया कि निरसा और सिंदरी के कई वरीय नेता संपर्क में हैं। सिल्ली में अमित महतो को टिकट देने को तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका दल किसी के साथ गठबंधन नहीं करने जा रहा है। संगठन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है..
घुसपैठ बड़ा मुद्दा..
जयराम ने कहा- झारखंड में घुसपैठ बड़ा मुद्दा है। इससे हमारी पहचान पर आफत आई है। पहाड़िया जनजाति के लोग परेशान हैं, आदिवासियों पर अत्याचार हो रहा है। घुसपैठ का हमारा संगठन विरोध करता है। धनबाद में विस्थापन को बड़ी समस्या माना। कहा कि स्थानीय नीति के तहत लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है।
बेरोजगारी की समस्या बड़ी हो रही। धनबाद के बाघमारा क्षेत्र की चर्चा करते हुए कहा कि वहां तो मनमानी हो रही है। आउटसोर्सिंग में काम करने 133 मजदूरों को हक नहीं मिल रहा है। मजदूरों के हक के लिए हर लड़ाई को तैयार हैं.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट