धनबाद(NIRSA): चिरकुंडा थाना क्षेत्र के गांजा गली के निवासी आईटीबीपी जवान गौतम कुमार यादव को सोमवार को चिरकुंडा सुंदर नगर घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
गौतम यादव बिहार विधानसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए पश्चिम चंपारण में तैनात थे। उनकी दुःखद मृत्यु श्रीनगर थाना क्षेत्र के कोहड़ा भवानीपुर स्कूल परिसर में उस समय हुई, जब वे अपनी सर्विस एलएमजी बंदूक साफ कर रहे थे। इसी दौरान दुर्घटनावश गोली चल गई और उनके सिर में जा लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डीएसपी, और बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
अंतिम यात्रा और सम्मान
गौतम यादव का पार्थिव शरीर शनिवार की शाम 36 बटालियन द्वारा उनके पैतृक आवास चिरकुंडा लाया गया। शव के सम्मान में लोग मैथन संजय चौक से चिरकुंडा तक तिरंगा झंडा लेकर “भारत माता की जय” और “गौतम अमर रहे” के नारे लगाते रहे।
सोमवार की सुबह, अंतिम संस्कार के लिए शव को चिरकुंडा सुंदर नगर घाट ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
राजकीय सम्मान:
उपस्थित आईटीबीपी जवानों ने हवाई फायरिंग कर अंतिम विदाई दी।
तिरंगा सुपुर्द:
जवानों ने तिरंगे में लिपटे झंडे को शहीद के पिता बिहारी यादव को सम्मान के साथ सुपुर्द किया।
मुखअग्नि: जवान के पुत्र गोलू ने उन्हें मुखअग्नि दी।
गणमान्य व्यक्तियों की श्रद्धांजलि
इस दुःखद मौके पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी भी उपस्थित रहे और उन्होंने पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी।
विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि ”यह काफी दुखद घटना है। गौतम क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत थे। उनके अंत्येष्टि में उमड़ा जन सैलाब यह बताता है कि क्षेत्र के लोग उनसे कितना प्रेम करते थे। उनका देहांत क्षेत्र ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी अपूरणीय क्षति है।”
मृतक गौतम यादव के बड़े भाई पप्पू यादव, जो स्वयं भी फौज में कार्यरत हैं, ने बताया कि
”भाई हमारा 2014 में आईटीबीपी में भर्ती हुआ था और 11 साल उन्होंने देश की सेवा की। घटना दोपहर 1 बजे की है। मुझे बटालियन से सूचना प्राप्त हुई है। शनिवार की संध्या 36 बटालियन हमारे भाई के शव को चिरकुंडा पहुंचाया गया है और राजकीय सम्मान के साथ उनकी विदाई दी गई है। मुझे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हथियार साफ करने के दौरान घटना घटी है। विभाग हर बिंदुओं पर जांच कर रही है।”
इस दुख की घड़ी में पूरा चिरकुंडा क्षेत्र शोकाकुल रहा और अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
NEWSANP के लिए निरसा से संतोष की रिपोर्ट

