रांची(RANCHI):रांची में IIMC एलुमनी एसोसिएशन (इमका) के वार्षिक उत्सव “कनेक्शन्स-2025” के झारखंड चैप्टर की शानदार मीट संपन्न हुई। इस खास मौके पर झारखंड के अलग-अलग जिलों में कार्यरत पूर्व छात्र एकजुट हुये और संस्थान से जुड़ी यादों को साझा किया। इस कार्यक्रम में जमशेदपुर के SSP किशोर कौशल को सर्वसम्मति से झारखंड चैप्टर का नया अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने कहा, “इमका सिर्फ एक संगठन नहीं, बल्कि परिवार है। हम जब आपस में मिलते हैं, तो न सिर्फ अपनी यादें ताजा करते हैं, बल्कि सुख-दुख भी साझा करते हैं।” कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान महासचिव मनीषा सिंह ने की, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी सीयूजे (रांची) के सहायक प्राध्यापक डॉ. राजेश कुमार ने निभाई।
इस मौके पर दिल्ली से एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रसाद सान्याल, कार्यकारी अध्यक्ष मनीष गुप्ता, रीतेश वर्मा और बद्रीनाथ ने भी शिरकत की। मीट में आए एलुमनी सदस्यों ने विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे माहौल और भी यादगार बन गया। कार्यक्रम में सीयूजे (रांची) के मास कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष देवव्रत सिंह, रांची विश्वविद्यालय के शिक्षक संतोष उरांव और पीआईबी के अधिकारी ओंकार पांडेय ने इमका के प्रयासों की सराहना की। इस विशेष अवसर पर अमित गुप्ता, आनंद दत्त, शुभम, देवेंद्र कुमार, कुणाल किशोर, पंकज चंद्र गोस्वामी, समीर उरांव, मुकुल तायल, अंकुर कुमार, विवेकानंद सिंह, प्रणव प्रत्युष समेत कई पूर्व छात्र उपस्थित रहे। पूजा अमृता उरांव ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

