IIT से पासआउट व IAS_सन्नी राज को धनबाद के डीडीसी पद की मिली कमान, तो पत्नी रिया सिंह बनीं हजारीबाग की डीडीसी…

IIT से पासआउट व IAS_सन्नी राज को धनबाद के डीडीसी पद की मिली कमान, तो पत्नी रिया सिंह बनीं हजारीबाग की डीडीसी…

धनबाद(DHANBAD): सन्नी राज धनबाद के नए उप विकास आयुक्त बनाए गए हैं। 2021 बैच के आईएएस अधिकारी सन्नी राज को झारखंड के सबसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण जिलों में से एक धनबाद की जिम्मेवारी सौंपी गई है। कम उम्र में ही प्रशासनिक क्षमता का परिचय देने वाले सन्नी राज की यह नियुक्ति जिले के विकास कार्यों के लिए अहम मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से जमशेदपुर निवासी सन्नी राज का जन्म 13 अगस्त 1992 को हुआ था। उन्होंने देश की प्रतिष्ठित संस्था IIT बॉम्बे से मटीरियल इंजीनियरिंग में M.Tech की पढ़ाई की है। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में उन्होंने 500वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का गौरव प्राप्त किया। इससे पहले वे सिमरिया-चतरा में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) के रूप में कार्यरत थे, जहां उनके कामकाज की प्रशासनिक हलकों में सराहना हुई।

उल्लेखनीय है कि धनबाद जिला औद्योगिक, सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। कोयला उद्योग, पंचायत व्यवस्था, शहरी-ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उप विकास आयुक्त की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सन्नी राज का युवा दृष्टिकोण और तकनीकी समझ जिले के विकास को नई गति दे सकती है।

वर्तमान में धनबाद में उप विकास आयुक्त के पद पर झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सादात अनवर पदस्थापित हैं। सादात अनवर ने यह जिम्मेवारी आईएएस अधिकारी शशिप्रकाश सिंह के तबादले के बाद संभाली थी, जो वर्तमान में हजारीबाग के उपायुक्त (DC) के रूप में कार्यरत हैं।

सिटी लाइव को मिली जानकारी के अनुसार प्रशासनिक सेवा में सन्नी राज का परिवार भी उल्लेखनीय है। उनकी पत्नी रिया सिंह भी 2021 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वे अब तक कोडरमा में एसडीएम के पद पर कार्यरत थीं, लेकिन नई अधिसूचना के तहत उनका तबादला हजारीबाग के उप विकास आयुक्त के रूप में किया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि सन्नी राज और रिया सिंह जैसे युवा और योग्य अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां झारखंड में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और मजबूत करेंगी। धनबाद जिले को सन्नी राज से विकास, पारदर्शिता और प्रभावी प्रशासन की नई उम्मीदें हैं।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *