झरिया में तीन दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव पर निकली भव्य निसान शोभा यात्रा…

झरिया(DHANBAD) आजा कलयुग में लेके अवतार ओ गोविंद.., श्री राधे-राधे राधे बरसाने वाली राधे.., मेरे दिल में बस गयो श्याम जपो री माला री.., होलिया में उड़े रे गुलाल.. जैसे भक्ति गीतों पर थिरकते श्याम भक्तों ने झरिया का माहौल मंगलवार को श्याममय कर दिया। श्याम भक्तों ने खूब अबीर व गुलाल उड़ाए।

मौका था झरिया लाल बाजार स्थित श्री श्याम मंदिर में तीन दिवसीय फाल्गुन महोत्सव के पहले दिन निकाली भव्य निसान शोभा यात्रा का। निसान शोभा यात्रा निकलने के साथ लगभग पांच घंटे तक शहर में भक्ति की धारा बहती रही। एक वाहन में प्रभु श्याम की झांकी निकली गई। प्रभु श्याम के शहर में जयकारे गूंजते रहे। सुबह 10 बजे श्री श्याम मंदिर में पुजारी ने निसान पूजा की। इसके बाद दस हजार से अधिक भक्तों ने निसान लेकर शहर की परिक्रमा की। मंदिर में बाबा के चरणों में निसान अर्पित किया गया। निसान अर्पण करनेवाले भक्तों को प्रसाद दिया गया।

श्री श्याम मित्र मिलन मंदिर के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। निसान यात्रा लाल बाजार मंदिर से लक्ष्मीनिया मोड़, सब्जी पट्टी, बाटा मोड़, मेन रोड, चार नंबर, धर्मशाला रोड, चिल्ड्रेन पार्क मोड़ होते हुए बाबा श्याम के दरबार में पहुंची। जगह-जगह श्याम भक्तों को शर्बत पिलाया गया।निसान शोभा यात्रा में शामिल श्याम भक्तों की सेवा के लिए समाजसेवी संगठन आतुर थे।

शोभा यात्रा में झूमते, गाते महिलाओं ने अपनी तस्वीर सेल्फी में कैद किया। श्री श्याम निसान शोभा यात्रा में विधि-व्यवस्था बनाने के लिए झरिया पुलिस साथ-साथ चल रही थी। चार नंबर मोड़ से बाजार जाने के लिए वाहनों पर पांच घंटे तक रोक लगा दी गई थी। विधि-व्यवस्था को बनाए रखने में शांति समिति के सदस्य का भी अहम योगदान रहा।

NEWS ANP के लिए झरिया से अरविन्द बुंदेला की रिपोर्ट…

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *