धनबाद( DHANBAD): नगर आयुक्त आशीष गंगवार की अध्यक्षता में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत शहर स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर समाहर्ता सहित BCCL, IIT (ISM) धनबाद, BIT सिंदरी, JSPCB, DMO, स्वास्थ्य और सड़क निर्माण विभाग के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक के दौरान वायु गुणवत्ता की निरंतर मॉनिटरिंग, धूल नियंत्रण, हार्ड कोक प्लांटों के प्रबंधन और ओवरलोडेड वाहनों की सघन जांच जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवाओं के विस्तार और ‘मियावाकी’ पद्धति से सघन पौधारोपण कर ग्रीन पैच विकसित करने का भी निर्णय लिया गया।
नगर आयुक्त ने BCCL को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों को ट्रिपल-शीट से ढंकना और व्हील वॉश प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। इसके अतिरिक्त, घरेलू स्तर पर खुले कोयला-दहन पर रोक लगाने, IIT के तकनीकी सुझावों पर त्वरित कार्रवाई करने और जन जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अंत में, नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि नागरिकों को एक स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

