DC SSP ने की PC:कदाचार मुक्त,शांतिपूर्ण व सुचारू रूप से संपन्न हुई परीक्षा,रविवार की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन है तैयार..

DC SSP ने की PC:कदाचार मुक्त,शांतिपूर्ण व सुचारू रूप से संपन्न हुई परीक्षा,रविवार की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन है तैयार..

धनबाद (DHANBAD)झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2023 जिले के सभी 74 केंद्रों पर कदाचार मुक्त, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से तथा आयोग के मार्गदर्शन के अनुसार संपन्न हुई।

उपरोक्त बातें उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा ने पहले दिन की तीनों शिफ्ट की परीक्षा संपन्न होने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया से कही।उपायुक्त ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव एवं डीजीपी के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में परीक्षा से संबंधित दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी सेंटरों पर परीक्षाएं संचालित की गई। किसी भी सेंटर से कदाचार करने या विधि व्यवस्था से संबंधित कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई।

उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा अवधि में उन्होंने विभिन्न सेंटरों का तथा जिला कोषागार का निरीक्षण किया। सभी जगह सभी चीज शांतिपूर्ण पायी गई।उन्होंने मीडिया को बताया कि परीक्षा के लिए धनबाद में 28116 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना थी। जिसमें प्रथम एवं द्वितीय शिफ्ट में 8678 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं तृतीय शिफ्ट में 8656 परिक्षार्थी शामिल हुए।

परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 74 मजिस्ट्रेट, 82 सेंटर ऑब्जर्वर, 41 पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, 8 फ्लाइंग स्क्वॉड के अलावा 540 से अधिक जवान व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।उपायुक्त ने कहा कि रविवार, 22 सितंबर को, भी जिले के 74 सेंटरों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

पत्रकार वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन ने मीडिया को बताया कि सुरक्षा की दृष्टिकोण से हर सेंटर में पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। परीक्षार्थियों की अच्छे से तलाशी ली गई थी। सभी सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर लगाए गए थे। जिस कारण कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पुलिस ने कुछ दिनों से जिले के हर होटल, धर्मशाला, लॉज इत्यादि में नियमित चेकिंग की। जिससे परीक्षा में बाधा उत्पन्न करने वालों को पहचाना जा सके।

इसके अलावा पुलिस ने “झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 से संबंधित पंपलेट एवं पोस्टर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, लॉज, होटल इत्यादि के आसपास लगाए थे।

इस अधिनियम में कदाचार करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने का प्रावधान है।वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार की तरह ही रविवार की परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन की पूरी तैयारी है।पत्रकार वार्ता में उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दन, सिटी एसपी अजीत कुमार के अलावा प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे..

NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *