
धनबाद(DHANBAD):आम जनता के बीच रहकर उनकी परेशानियों को समझना और उनके साथ एक जैसा व्यवहार करना हर अधिकारी के बस की बात नहीं होती, लेकिन धनबाद के उपयुक्त आदित्य रंजन ने यह करके दिखा दिया। अपने हाथ में लगी चोट का इलाज कराने के लिए उन्होंने सदर अस्पताल में खड़े होकर जनता की तरह इंतजार किया और बिना किसी विशेष सुविधा के इलाज कराकर एक मिसाल कायम कर दी।
यह घटना पूरे अस्पताल में चर्चा का विषय बनी और स्थानीय लोग उनकी इस सादगी, सहनशीलता और जनता के प्रति उनके सम्मान की तारीफ कर रहे हैं। आदित्य रंजन का यह कदम सरकारी व्यवस्था में व्याप्त अभिजात्य व्यवहार को चुनौती देता है और बताता है कि एक सच्चा नेता कैसे जनता के दिलों में जगह बनाता है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जब कोई अधिकारी अपनी गाड़ी और रेसिडेंसी की आरामदायक सुविधाओं को छोड़कर आम लोगों के साथ खड़ा होता है, तो जनता का भरोसा और उम्मीदें और भी बढ़ जाती हैं। उनकी इस पहल से अस्पताल प्रशासन भी बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित हुआ है।
यह संदेश सिर्फ धनबाद तक ही सीमित नहीं, बल्कि पूरे राज्य के अधिकारियों के लिए एक सीख है कि जनता की सेवा का मतलब ही उनके साथ मिलकर उनकी समस्याओं को समझना और हल करना है..
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

