विकसित भारत संकल्प यात्रा में नागरिक भागीदारी 2 करोड़ के पार हुई, यात्रा में 1 करोड़ से अधिक लोगों के शामिल होने से मात्र 7 दिन में यह संख्या दोगुनी हो गई..

रांची(RANCHI): विकसित भारत संकल्प यात्रा के प्रति असाधारण जन समर्थन देखने को मिल रहा है और एक महीने से भी कम समय में 2 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों के साथ अत्‍यंत महत्वपूर्ण उप‍लब्धि हासिल हुई है। सहभागिता में यह अभूतपूर्व वृद्धि इस यात्रा के गहन प्रभाव और विकास की सामूहिक खोज में लाखों लोगों को एकजुट करने की इसकी अविश्वसनीय क्षमता को उजागर करती है।

यात्रा की बढ़ती ऊर्जा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहां 22 दिनों में एक करोड़ का आंकड़ा छूआ गया था, वहीं अगले करोड़ का आंकड़ा महज 7 दिन में ही छू लिया गया।

हर गुजरते दिन के साथ इस यात्रा की पहुंच बढ़ती जा रही है और इसे जनता से अत्यधिक सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे इसकी प्रबल ऊर्जा बरकरार है।

यात्रा लगभग 60 हजार ग्राम पंचायतों तक पहुंची है, और इस तरह उसने देश के कोने-कोने तक प्रगति और उन्नति को गति प्रदान की है। छोटे से समय में ही यात्रा ने 1.6 करोड़ से अधिक नागरिकों के साथ 2047 तक एक विकसित भारत के लिए प्रयास करने का संकल्प लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। यात्रा की “मेरी कहानी, मेरी ज़ुबानी” पहल के हिस्से के रूप में, 1.30 करोड़ से अधिक लोगों ने अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा की है, जिसमें देश भर में नागरिकों के विविध अनुभवों और आकांक्षाओं को प्रदर्शित करने वाली कथाएं शामिल हैं।

यात्रा के मुख्य विषयों में से एक के रूप में नागरिकों के कुशलक्षेम के साथ, पूरे देश में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और अब तक 42 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है।

एक राष्ट्र, एक यात्रा

सभी क्षेत्रों में यात्रा को पूरे मन से स्वीकार किया जा रहा है। यह यात्रा सुदूर इलाकों तक भी पहुंच कर सरकारी सेवाएं और सहायता प्रदान करने के लिए सीधे माध्यम के रूप में काम कर रही है। भागीदारी के मामले में, लगभग 80 लाख प्रतिभागियों के साथ उत्तर प्रदेश अग्रणी है, इसके बाद 29 लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ महाराष्ट्र और 23 लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ गुजरात है। अब तक 16 लाख से अधिक प्रतिभागियों की उत्साहवर्धक हिस्‍सेदारी के साथ जम्मू एवं कश्मीर भी चतुर्थ स्थान पर है। आंध्र प्रदेश ने 11 लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ एक महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया है।

सरकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति

विकसित भारत संकल्प यात्रा एक ऐसा राष्ट्रव्यापी प्रयास है जिसका उद्देश्य सरकार की प्रमुख पहलों की शत-प्रतिशत संतृप्ति हासिल करना और इन पहलों का लाभ सभी लक्षित प्राप्तकर्ताओं तक पहुंचना सुनिश्चित करना है। इस यात्रा के दौरान हासिल की गई उपलब्धियां महत्वपूर्ण हैं: 29,000 से अधिक ग्राम पंचायतों ने शत-प्रतिशत संतृप्ति के साथ आयुष्मान कार्ड की पूर्ण कवरेज हासिल कर ली है; 18,000 से अधिक ग्राम पंचायतें ‘हर घर जल’ योजना की शत-प्रतिशत संतृप्ति के स्तर तक पहुंच गई हैं; 34,000 से अधिक ग्राम पंचायतों ने भूमि रिकॉर्ड का पूर्ण डिजिटलीकरण हासिल कर लिया है; और स्वच्छ भारत पहल के समर्थन में, 9,000 से अधिक ग्राम पंचायतें ओडीएफ प्लस मॉडल के शत-प्रतिशत अनुपालन के मानदंडों को पूरा करती हैं।
एक परिवर्तनकारी अभियान पर आगे बढ़ते हुए, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को झारखंड के खूंटी से शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा देश भर के नागरिकों के साथ गहरे संबंधों को बढ़ावा दे रही है। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य सरकार और लोगों के बीच की दूरी को पाटना, समुदायों को सशक्त बनाना और एक समावेशी व विकसित भारत की नींव रखना है।

NEWS ANP के लिए रांची से V SIngh की रिपोर्ट..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *