झारखंड(JHARKHAND): झारखंड कैडर के कुल 125 आईपीएस अधिकारियों में से 117 अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी अचल संपत्ति का विवरण सौंप दिया है। दाखिल किए गए रिटर्न के अनुसार अधिकांश अधिकारियों ने अपनी संपत्तियां पूर्व वर्षों में अर्जित की हैं, जबकि वर्ष 2025 में केवल 10 आईपीएस अधिकारियों ने नई अचल संपत्ति खरीदी है। रिटर्न में सामने आया है कि वर्ष 2025 में संपत्ति खरीदने वाले अधिकारियों में 1990 बैच के अनिल पाल्टा, 1997 बैच के आशीष बत्रा, 2008 बैच के अजय लिंडा, 2010 बैच के अश्विनी कुमार सिन्हा और शैलेंद्र प्रसाद वर्णवाल, 2012 बैच के आनंद प्रकाश तथा 2016 बैच के पूज्य प्रकाश, राजकुमार मेहता, सहदेव साव और सौरभ शामिल हैं।
1990 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल पाल्टा ने पश्चिम बंगाल के पूर्वा वर्द्धमान जिले के जमालपुर क्षेत्र में 4.50 लाख रुपये की लागत से 198 डिसमिल जमीन खरीदी है। वहीं, झारखंड कैडर के 1997 बैच के आईपीएस और वर्तमान में एनआईए में आईजी के पद पर कार्यरत आशीष बत्रा ने पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 504 वर्गयार्ड का आवासीय प्लॉट खरीदा है, जिसकी कीमत 4.33 करोड़ रुपये बताई गई है। 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय लिंडा ने रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत डोरियाटोली में 32.43 लाख रुपये की लागत से 14.1 डिसमिल जमीन खरीदी है। जबकि 2010 बैच के आईपीएस अश्विनी कुमार सिन्हा ने रांची के नगड़ी स्थित सुगदा में सात लाख रुपये में जमीन ली है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के आईजी शैलेंद्र प्रसाद वर्णवाल ने रांची के कांटाटोली स्थित वासुदेव रेसिडेंसी में 16.66 लाख रुपये की लागत से एक फ्लैट खरीदा है। बोकारो के डीआईजी आनंद प्रकाश ने रांची के अरगोड़ा क्षेत्र स्थित अशोक नगर के तेजस्वी अपार्टमेंट में 55 लाख रुपये में फ्लैट खरीदा है। सीआईडी में पदस्थापित एसपी पूज्य प्रकाश ने रांची के पिठोरिया क्षेत्र के सुतियांबे में 7.82 लाख रुपये की लागत से 34 डिसमिल जमीन खरीदने की जानकारी दी है। वहीं, जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता ने रांची के सुगदा में 3.50 लाख रुपये में 11.8 डिसमिल जमीन खरीदी है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एसपी सहदेव साव ने गिरिडीह के खोरीमहुआ में 3.30 लाख रुपये की लागत से 40 डिसमिल जमीन खरीदी है। देवघर के एसपी सौरभ ने वैशाली जिले के मनीहारी में अपनी दादी के नाम पर 15 लाख रुपये की जमीन खरीदे जाने का विवरण दिया है। इसके अलावा कई आईपीएस अधिकारियों के पास अचल संपत्ति पहले से मौजूद है, जिसे पूर्व वर्षों में खरीदा गया था। इनमें 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत सिंह शामिल हैं, जिन्होंने वर्ष 2024 में रांची के अशोक नगर में 2.25 करोड़ रुपये की लागत से 8400 वर्गफीट आवासीय जमीन खरीदी थी। अन्य अधिकारियों में मनीलाल मंडल (2011), प्रभात कुमार (2014), सरोजनी लकड़ा (2014), पितांबर सिंह खेरवार (2017), राकेश रंजन (2017), नाजिश उमर अंसारी (2023), शुभम मीणा (2023) और विपिन दुबे (2023) के नाम शामिल हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

