धनबाद(DHANBAD): धनबाद के ओजोन गैलेरिया मॉल में गुरुवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब INOX सिनेमा के बाहर एक व्यक्ति को सरेआम गोली मार दी गई। घायल की पहचान सुनील कुमार बर्णवाल के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना मॉल के चौथे फ्लोर पर हुई, जहां चश्मदीदों के मुताबिक तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलीबारी की आवाज सुनते ही मॉल में मौजूद लोग दहशत में आ गए और इधर-उधर भागने लगे। मौके पर तुरंत सरायढेला थाना की पुलिस पहुंची। थानेदार नूतन मोदी और डीएसपी विधि व्यवस्था नौसाद आलम के नेतृत्व में टीम ने मॉल परिसर को घेर लिया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश या योजनाबद्ध हमले का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावनाओं पर काम कर रही है। इस सनसनीखेज घटना ने धनबाद की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक व्यस्त शॉपिंग मॉल में दिनदहाड़े गोलीबारी से लोगों में डर का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और बहुत जल्द हमलावर को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घायल सुनील की हालत नाजुक बनी हुई है।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

