सिंदरी(SINDRI):बीआईटी सिंदरी के छात्रों द्वारा संचालित सामाजिक संस्था प्रयास इंडिया ने अपने वार्षिक उत्सव ‘रेनबो 2025’ के अंतर्गत आज स्वर-संगीत की अद्भुत प्रस्तुति ‘सुर संग्राम’ का भव्य आयोजन किया। इस गायन प्रतियोगिता में संस्थान के विभिन्न विभागों के प्रतिभाशाली छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुर, ताल और भाव की त्रिवेणी से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शास्त्रीय, सूफी, बॉलीवुड और लोकगीतों की विविध प्रस्तुतियों से अपनी गायन प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। हर एक प्रस्तुति पर दर्शकों की तालियों की गूंज और वातावरण में गूंजते सुरों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रभावशाली बना दिया।
इस कार्यक्रम के निर्णायक मण्डल में शास्त्रीय संगीत के प्रख्यात गायक शादाब शमीम सर ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रत्येक प्रस्तुति का सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए प्रतिभागियों को गायन की बारीकियों और आत्म-अभिव्यक्ति के महत्व पर प्रेरणादायक सुझाव भी दिए।
‘सुर संग्राम’ का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता कराना नहीं था, बल्कि छात्रों के भीतर छिपी संगीत प्रतिभा को मंच प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और कला के प्रति संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करना भी था।
इस संगीतमय आयोजन को सफल बनाने में प्रयास इंडिया के समर्पित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
NEWSANP के लिए सिंदरी से भोला बाउरी की रिपोर्ट

