बोकारो(DHANBAD): झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) धनबाद की टीम ने एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी ललन कुमार को ऑनलाइन नाम सुधारने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगते हुए गिरफ्तार किया गया।
रिश्वत न देने पर कर रहा था परेशान
जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी ललन कुमार एक व्यक्ति से ऑनलाइन नाम सुधारने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था। पीड़ित व्यक्ति द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर उसे बार-बार परेशान किया जा रहा था। इससे तंग आकर पीड़ित ने धनबाद एसीबी से इसकी शिकायत की।
एसीबी ने ऐसे रचा जाल
शिकायत मिलने के बाद धनबाद एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई का फैसला लिया। योजना के तहत सोमवार को एसीबी की टीम ने गोमिया अंचल कार्यालय में छापा मारा। पीड़ित व्यक्ति ने जैसे ही ललन कुमार को 20 हजार रुपये दिए, एसीबी टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर धनबाद ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
धनबाद एसीबी के डीएसपी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। ललन कुमार गोमिया अंचल के हल्का नंबर एक, दो, तीन और चार का राजस्व कर्मचारी था। उसकी गिरफ्तारी से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
सरकारी आवास से हुई गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, एसीबी की टीम ने ललन कुमार के सरकारी आवास पर भी छापा मारा। टीम ने सादे कपड़ों में जाकर पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। जैसे ही पीड़ित ने पैसे दिए, टीम ने ललन कुमार को रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने उसे धनबाद ले जाकर पूछताछ शुरू की।
एसीबी की कार्रवाई से मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसीबी की टीम अब आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ इस सख्त कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि इस कदम से रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
NEWSANP के लिए बोकारो से ब्यूरो रिपोर्ट

