प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का खुलासा, प्रेमिका गिरफ्तार..

प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का खुलासा, प्रेमिका गिरफ्तार..

धनबाद (DHANBAD)धनबाद के भौंरा ओपी क्षेत्र स्थित काली मेला दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास मिले युवक के हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का परिणाम थी। मामले में मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार किया गया है। उसके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

31 मई 2026 को भौरा ओपी क्षेत्र के काली मेला दामोदर नदी किनारे स्थित श्मशान घाट के पास एक अज्ञात युवक का गला रेतकर हत्या किया हुआ शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान बोर्रागढ़ होरलाडीह निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई। इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जोरापोखर (भौरा ओपी) थाना कांड संख्या 65/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले के उद्भेदन के लिए सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम में झरिया, भौरा, बोर्रागढ़, अलकडीहा, पाथरडीहा और तिसरा थाना पुलिस के साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया।

जांच में पता चला कि हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का मामला था। पुलिस के अनुसार मृतक दिलशाद अंसारी की प्रेमिका कोमल वर्णवाल और उसके होने वाले पति रोशन कुमार ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में कोमल वर्णवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी कोमल वर्णवाल, उम्र 21 वर्ष, पिता संजय वर्णवाल, निवासी कोईरी बांध, झरिया की निशानदेही पर पुलिस ने खून लगा चाकू, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *