धनबाद(DHANBAD): युवा संघर्ष मोर्चा द्वारा पिछले एक वर्ष से प्रत्येक शनिवार को बरमसिया स्थित शनि मंदिर के बाहर बैठे गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन, वस्त्र और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जा रहा है। इसी सेवा अभियान के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंदों के बीच भोजन और छातों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में धनबाद के मेयर संजीव सिंह, श्रीराम सेना के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य श्वेता किन्नर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय संस्थापक दिलीप सिंह को इस सामाजिक पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि दिलीप सिंह द्वारा पिछले एक वर्ष से लगातार जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन, कपड़े, छाते और अन्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि समाज में सरकार की कई योजनाएं संचालित हैं, लेकिन युवाओं द्वारा इस तरह का सामाजिक योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने युवाओं से भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
श्रीराम सेना के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने भी इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं।
युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय संस्थापक दिलीप सिंह ने बताया कि संगठन द्वारा लगातार असहाय लोगों के बीच कंबल, छाते, कपड़े, भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाता रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रोत्साहन से समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

