न्यू दिल्ली(NEW DELHI): ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर देशभर में अलग-अलग तारीखों पर दो दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, 27 और 28 मई को अलग-अलग राज्यों में बैंक अवकाश घोषित किया गया है। वजह है—देश के अलग-अलग हिस्सों में चांद दिखने की अलग तारीख।
आज 27 मई को इन शहरों में बैंक बंद
बुधवार को देश के कई हिस्सों में बकरीद मनाई जा रही है। ऐसे में दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, देहरादून, चंडीगढ़ और शिमला समेत कई शहरों में बैंक बंद हैं। इसके अलावा भोपाल, रायपुर, रांची, कोलकाता में भी बैंकिंग सेवायें प्रभावित हैं। पूर्वोत्तर के गुवाहाटी, अगरतला, कोहिमा, इम्फाल और केरल के कोच्चि व तिरुवनंतपुरम में भी आज बैंक नहीं खुलेंगे।
कल 28 मई को यहां रहेगी छुट्टी
गुरुवार को देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में बकरीद मनाई जायेगी। इस वजह से मुंबई, नागपुर, बेलापुर, पणजी, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे। वहीं पटना, जयपुर, आइजोल और शिलांग में भी कल बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।
घबराइए नहीं, ऑनलाइन सेवायें रहेंगी चालू
हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। ग्राहक UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग ऐप के जरिए पैसे भेजने, बिल पेमेंट और अन्य जरूरी काम कर सकेंगे। वहीं ATM सेवाएं भी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

