जनसमस्याओं को लेकर एक्शन मोड में विधायक रागिनी सिंह, बिजली-पानी संकट पर खुद संभाला मोर्चा…

जनसमस्याओं को लेकर एक्शन मोड में विधायक रागिनी सिंह, बिजली-पानी संकट पर खुद संभाला मोर्चा…

झरिया(JHARIA): झरिया विधानसभा क्षेत्र में उत्पन्न बिजली एवं जल संकट को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह लगातार सक्रिय नजर आईं। डिगवाडीह बिजली सब स्टेशन का 10 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब होने से भौरा, जामाडोबा, भागा, डिगवाडीह एवं फूसबंगला समेत बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति की जानकारी मिलते ही विधायक रागिनी सिंह ने तुरंत बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि वैकल्पिक ट्रांसफार्मर हर्ल सिंदरी में उपलब्ध है। इसके बाद विधायक ने स्वयं पहल करते हुए हर्ल प्रबंधन से वार्ता की तथा बिजली विभाग को शीघ्र ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की व्यवस्था करवाई, ताकि जल्द से जल्द क्षेत्र में बिजली बहाल की जा सके।

इधर, जामाडोबा पटिया बस्ती स्थित दामोदर प्लांट के सामने 30 इंची पाइपलाइन फटने से झरिया शहर सहित कई इलाकों की जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई। पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभाग द्वारा पाइपलाइन की वेल्डिंग एवं ढलाई का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि लाइन को पूरी तरह सूखने में लगभग 12 घंटे का समय लगने की बात कही गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सब कुछ सामान्य रहने पर सोमवार तक जलापूर्ति बहाल होने की संभावना है।

फूसबांग्ला मोड़ के पास भी एक अन्य लीकेज की मरम्मत का कार्य जारी है। मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने स्वयं विधायक रागिनी सिंह मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए कार्य में तेजी लाई जाए।

जामाडोबा पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण झरिया शहर, घनुआडीह, भगतडीह, एना कोलियरी, शिमला बहाल, बस्ताकोला तथा धनसार थाना क्षेत्र में पानी की सप्लाई बाधित रही। विधायक के निर्देश पर विभागीय टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।

इस दौरान विधायक रागिनी सिंह ने कहा,
“जनता की समस्या ही मेरी प्राथमिकता है। बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द बिजली एवं जलापूर्ति बहाल कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए। मैं स्वयं लगातार मॉनिटरिंग कर रही हूं ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।”

इस दौरान अखिलेश सिंह, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

विधायक की तत्परता और लगातार मॉनिटरिंग से क्षेत्र के लोगों में राहत और भरोसे का माहौल देखा जा रहा है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *