धनबाद(DHANBAD): झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने आज भूली बी ब्लॉक क्षेत्र में विगत कई दिनों से व्याप्त पेयजल संकट को लेकर क्षेत्र का विस्तृत दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने जलापूर्ति बाधित होने से हो रही परेशानियों से विधायक को अवगत कराया।
दौरे के क्रम में यह तथ्य सामने आया कि रेलवे द्वारा निर्माणाधीन ओवरब्रिज कार्य के दौरान जोड़िया नदी में मिट्टी जमा कर दिए जाने के कारण पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हो गया है। इसके अतिरिक्त, माडा द्वारा सप्लाई किए जाने वाले जलापूर्ति पाइप जर्जर होकर जोड़िया नदी में डूबे रहने के कारण मरम्मत कार्य भी संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक राज सिन्हा ने तत्काल डीआरएम से वीडियो कॉल के माध्यम से वार्ता कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया तथा अविलंब आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही बीसीसीएल प्रबंधन से भी शीघ्र समाधान निकालने एवं प्रभावित क्षेत्र में सुचारु जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पेयजल जैसी आवश्यक समस्या के समाधान हेतु हर संभव कदम उठाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, सत्येंद्र ओझा, श्याम शर्मा, शिवचरण सिंह, रवि शंकर सिंह, उपेंद्र कुमार चौहान, बसंत राय सहित अनेक कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट
