जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने नालंदा में किया कार्यक्रम…

जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने नालंदा में किया कार्यक्रम…

धनबाद(DHANBAD): अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पर्यावरण विज्ञान एवं अभियंत्रण विभाग के ईआईएसीपी प्रोग्राम सेंटर (आरपी) ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत बिहार राज्य जैव विविधता बोर्ड और नालंदा हेरिटेज स्कूल, नालंदा के सहयोग से “स्थानीय स्तर पर पहल, वैश्विक प्रभाव” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम सह एक दिवसीय मंथन सत्र का आयोजन किया।

नालंदा हेरिटेज स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें कक्षा 8 से 12 तक के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, स्कूल कर्मी, पर्यावरण प्रेमी और अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य जैव विविधता संरक्षण के महत्व को समझाना और पर्यावरण बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद नालंदा हेरिटेज स्कूल के निदेशक राजीव रंजन झा ने स्वागत भाषण दिया। स्कूल के चेयरमैन कर्नल (सेवानिवृत्त) आर.एस. नेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की बड़ी भूमिका है कि वे बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करें।

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पर्यावरण विज्ञान एवं अभियंत्रण विभाग के प्रोफेसर विपिन कुमार ने मुख्य व्याख्यान देते हुए जैव विविधता संरक्षण की जरूरत पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिम्मी प्रियानैना, सहायक वन संरक्षक (एसीएफ), नालंदा ने छात्रों और अन्य प्रतिभागियों से प्रकृति और जैव विविधता संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें स्कूल परिसर में 30 पौधे लगाए गए। इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को और मजबूत किया।

कार्यक्रम में मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट) पर भी चर्चा हुई, जिसमें प्रतिभागियों को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभी प्रतिभागियों ने मिशन लाइफ शपथ ली और पर्यावरण तथा जैव विविधता संरक्षण के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर काम करने का संकल्प लिया।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *