धनबाद में भू-धंसान से दहशत, अंगारपथरा के कई घरों और सड़क में बड़ी दरारें…

धनबाद में भू-धंसान से दहशत, अंगारपथरा के कई घरों और सड़क में बड़ी दरारें…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के कतरास क्षेत्र स्थित अंगारपथरा कोलियरी के कांटा पहाड़ी इलाके में भू-धंसान की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

गुरुवार रात शुरू हुई जमीन धंसने की समस्या शुक्रवार को और गंभीर हो गई, जिससे सड़क और कई घरों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला खनन की वजह से यह स्थिति पैदा हुई है। लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों के मुताबिक रात में अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन फटने लगी और देखते ही देखते सड़क व घरों की दीवारों में दरारें पड़ गईं। डर के कारण कई परिवार पूरी रात जागते रहे और अपना सामान सुरक्षित जगहों पर ले जाते नजर आए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका जोरदार विरोध किया। लोगों का कहना है कि इलाके में खुलेआम अवैध खनन हो रहा है, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।

स्थिति को देखते हुए बीसीसीएल ने हाईवा और जेसीबी मशीनों के जरिए दरारों की भराई का काम शुरू कर दिया है। वहीं सीआईएसएफ और पुलिस बल भी मौके पर तैनात हैं।
बीसीसीएल के एरिया सुरक्षा अधिकारी संजय चौधरी ने बताया कि प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की जा रही है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह इलाका पहले से ही डेंजर जोन घोषित है और लोगों को कई बार यहां से हटने का नोटिस दिया जा चुका है।

फिलहाल इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम करेंगे।

NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *