रेलवे यार्ड में गांजा तस्करी का खुलासा, दो गिरफ्तार…

रेलवे यार्ड में गांजा तस्करी का खुलासा, दो गिरफ्तार…

धनबाद(DHANBAD):धनबाद पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे यार्ड से गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। धनसार थाना क्षेत्र के काठपुल बरमसिया स्थित रेलवे यार्ड में खड़ी गंगा-सतलज ट्रेन के जरिए अवैध गांजा बाहर भेजे जाने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब पांच किलो गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।

इस संबंध में गुरुवार को धनबाद के सिटी एमपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते बुधवार रात करीब 8 बजकर 20 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर रेलवे यार्ड पहुंचे हैं और गंगा सतलज ट्रेन के माध्यम से उसकी तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही धनसार थाना की गश्ती टीम और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए काठपुल रेलवे यार्ड के पास घेराबंदी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि एक युवक मोटरसाइकिल से उतरकर दूसरे युवक को बैग दे रहा था। इसी दौरान पुलिस को देखकर बाइक पर बैठा एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि बाकी दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी लेने पर बैग से पांच अलग-अलग प्लास्टिक पैकेट में रखा करीब पांच किलो गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ निवासी 37 वर्षीय मुकेश राम और जामताड़ा जिले के फतेहपुर निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार मोदी के रूप में हुई है। पूछताछ में राहुल मोदी ने पुलिस को बताया कि वह रेलवे में अटेंडेंट का काम करता है और इसी का फायदा उठाकर ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले से इस अवैध कारोबार में शामिल रहा है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार, आरपीएफ और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *