रागिनी सिंह के समर्थन में सड़क पर उतरे समर्थक, श्रवण राय का पुतला दहन….

रागिनी सिंह के समर्थन में सड़क पर उतरे समर्थक, श्रवण राय का पुतला दहन….

धनबाद(DHANBAD): झरिया विधायक रागिनी सिंह के खिलाफ भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय द्वारा दिए गए कथित अपमानजनक बयान को लेकर धनबाद की राजनीति गरमा गई है। मामले को लेकर मंगलवार को विधायक समर्थकों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने “श्रवण राय मुर्दाबाद”, “महिला विरोधी सोच बंद करो”, “रागिनी सिंह जिंदाबाद” तथा “नारी सम्मान का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए। रणधीर वर्मा चौक काफी देर तक विरोध और नारेबाजी से गूंजता रहा।

बताया जा रहा है कि हाल ही में सांसद ढुल्लू महतो की आभार यात्रा के दौरान भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने अपनी ही पार्टी की विधायक रागिनी सिंह के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक बयान दिया था। बयान सामने आने के बाद से ही पार्टी कार्यकर्ताओं और विधायक समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही थी। इसी के विरोध में आज समर्थक सड़क पर उतर आए।

प्रदर्शन में शामिल भाजपा महिला नेत्री रश्मि पांडेय और सुनीता साहू ने कहा कि श्रवण राय महिलाओं का सम्मान नही करते हैं, वे महिलाओं के खिलाफ लगातार बयानबाजी करते रहते हैं, जिससे महिलाओं की भावना को ठेस पहुंचता है और अब तो उन्होंने अपनी ही पार्टी की एक महिला विधायक के खिलाफ सार्वजनिक मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि रागिनी सिंह लगातार झरिया विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाती रही हैं तथा क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय रहती हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

समर्थकों ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व से मांग करते हुए कहा कि श्रवण राय सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और उन्हें तत्काल जिलाध्यक्ष पद से हटाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पार्टी नेतृत्व द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा आने वाले दिनों में जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

इधर इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा संगठन के अंदर भी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पार्टी के भीतर इस बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिससे संगठन में अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आने लगा है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *