धनबाद(DHANBAD): वार्ड संख्या 33 में पानी की समस्या को देखते हुए पार्षद मेनका सिंह की पहल पर जरूरतमंद लोगों के बीच टैंकर से जलापूर्ति की शुरुआत की गई। पार्षद मेनका सिंह ने झंडा दिखाकर पानी के टैंकर को क्षेत्र के लिए रवाना किया। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
पार्षद मेनका सिंह ने बताया कि गर्मी को देखते हुए वे अपने क्षेत्र में अपने मानदेय से जलापूर्ति करवा रही हैं। इसके तहत एक दिन छोड़कर टैंकर के माध्यम से लोगों तक पानी पहुंचाया जाएगा, जिसकी शुरुआत आज से की गई है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है और इसको लेकर कई बार नगर निगम में नगर आयुक्त को आवेदन देकर अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इसी कारण वे अपने मानदेय से लोगों तक पानी पहुँचाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी उनके क्षेत्र में लोगों को पानी की समस्या होगी, वहां टैंकर भेजा जाएगा।
पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू सिंह ने बताया कि जल समस्या को लेकर लगातार नगर आयुक्त को आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व मेयर इंदु सिंह के कार्यकाल में क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन कनेक्शन की संख्या बढ़ने के कारण सभी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। साथ ही समस्या के समाधान को लेकर आगे भी नगर निगम में आवेदन दिया जाएगा और समाधान नहीं होने पर क्षेत्र के लोगों के साथ नगर निगम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

