धनबाद(DHANBAD): झरिया चार नंबर टैक्सी स्टैंड में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के सम्मान में भव्य अभिनंदन एवं नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व कतरास मोड़ से आभार यात्रा निकाली गई, जो विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए विशाल जनसभा में तब्दील हो गई। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने सांसद का फूल-माला और स्वागत नारों के साथ जोरदार अभिनंदन किया।
सम्मान समारोह के दौरान राज चौहान, हरि साव, अनुज गोराई, बुद्धू धाड़ी और प्रेम राम सहित सैकड़ों युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सांसद ढुल्लू महतो ने सभी नए कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। समारोह स्थल पर भाजपा नेताओं और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें अंगवस्त्र, गुलदस्ता और विशाल फूलमालाओं से सम्मानित किया।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि “दो नंबर धंधा से महीना लेकर गरीबों में बांटकर उनके सम्मान को कुचलने का काम किया जा रहा है। सब कुछ जानते हुए भी यदि लोग ऐसे लोगों का साथ देते हैं, तो हम भी पाप के भागीदार बनते हैं।” उन्होंने झरिया की जनता से अपील करते हुए कहा कि कुछ पैसों के लालच में अपने भविष्य से समझौता न करें और क्षेत्र के अस्तित्व को बचाने के लिए एकजुट रहें।
सांसद ने भावुक स्वर में कहा कि दो वर्ष के कार्यकाल के बाद भी जनता से मिल रहा प्रेम और सम्मान उनके लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि जमीन पर काम करने वालों को ही सम्मान मिलता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनता की उम्मीदों को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में उनसे कोई गलती होती है तो जनता को पूरा अधिकार है कि रंधीर वर्मा चौक पर उनका पुतला दहन करे।
अपने संबोधन में सांसद ने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से गोविंदपुर और निरसा में फ्लाईओवर निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा रेलवे अंडरपास निर्माण भी उनके कार्यकाल में सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने धनबाद से देश के विभिन्न शहरों के लिए नई ट्रेनों के संचालन को भी अपनी प्राथमिक योजनाओं में शामिल बताया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि विरोधियों की कोशिशों के बावजूद उनका ध्यान विकास कार्यों से नहीं हटेगा। हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं और हत्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के मुद्दे उठाने पर विरोधियों को परेशानी क्यों हो रही है। उन्होंने दोहराया कि जनता के हितों के लिए वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे और किसी दबाव में नहीं झुकेंगे।
कार्यक्रम का संचालन नितिन सिंह ने किया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि साधन महतो, जिला अध्यक्ष श्रवण राम, राजकुमार अग्रवाल, धर्मेंद्र रवानी, मंटु राम, विनोद पासवान, राजेश शर्मा, संजय वाल्मीकि, गणेश पासवान, प्रमोद तिवारी, बिट्टू मनोहर पासवान, करण चौहान, विनोद चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

