धनबाद(DHANBAD): कांग्रेस पार्टी जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने धनबाद अंचलाधिकारी (सीओ) के विरुद्ध धनबाद थाना में लिखित शिकायत (FIR )दर्ज कराई है. जिसमें उन्होंने धनबाद सीओ पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
सीओ के विरुद्ध थाना में शिकायत पत्र देने के बाद मीडिया से बातचीत में कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान प्रशासन ने उनपर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करा दिया. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह निराधार है और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का प्रयास किया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संबंधित अंचलाधिकारी भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं और उनकी कार्यप्रणाली से सरकार की छवि धूमिल हो रही है. उन्होंने कहा कि जनता की आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करना प्रशासन की गलत मानसिकता को दर्शाता है. ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी अंचलाधिकारी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, अपमानजनक भाषा के प्रयोग और जाति सूचक टिप्पणी करने के आरोप लग चुके हैं. इन मामलों में भी सीओ के विरुद्ध थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार सामने आ रही शिकायतें इस बात का संकेत हैं कि पदाधिकारी अपनी सीमाओं का उल्लंघन कर रहे हैं.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

